( 16 Aug, 2014) उत्तर, पूर्वी भारत में बाढ़ की स्थिति गंभीर Published By : upscgk.com उत्तराखंड में 26 से अधिक की मौत, उत्तर, पूर्वी भारत में बाढ़ की स्थिति गंभीर उत्तराखंड के पौड़ी और अन्य जिलों में भारी बारिश का कहर जल प्रलय बनकर टूटा है। बादल फटने से मकान ध्वस्त होने और भू-स्खलन जैसी घटनाओं में मरने वालों की तादाद 26 से ऊपर पहुंच गई है। जमीन खिसकने के चलते गंगोत्री हाईवे बंद कर दिया गया है। प्रधानमंत्री ने इस भारी तबाही पर शोक जताया है। संकटग्रस्त इलाकों को खाली करवाया जा रहा है। उत्तराखंड में भीषण बारिश औऱ बादल फटने के कारण मकान ढहने और पौड़ी, देहरादून तथा पिथौरागढ़ में भूस्खलन की घटनाओं से कम से कम 26 लोगों की जान चली गई है। राजधानी देहरादून सहित राज्य के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। यहां पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण 7 लोगों की मौत हो गई है। पौड़ी में भी 14 लोग मारे गए हैं। उत्तराखंड के ऋषिकेश में भारी बारिश से जगह जगह सड़के टूट गई है। इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर नदियों में आई उफान से उत्तर प्रदेश में भी बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। बारिश के कारण सभी जल स्रोतों में पानी भर गया है और आसपास रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए सेना और वायुसेना से मदद मांगी गई है। हिमाचल प्रदेश में भी लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। खासकर हमीरपुर और उना में लगातार हो रही बारिश से भारी तबाही मची है। बारिश के चलते कुछ इलाकों में भूस्खलन हुआ जिससे सड़क जाम हो गयी, और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। हमीरपुर जिले में एक व्यक्ति की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गयी। भूस्खलन से 200 से ज्यादा सड़के टूट गई हैं या फिर अवरुद्ध हो गई हैं। नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के चलते पिछले दो हफ्तों में करीब 240 लोगों की जान जा चुकी है। भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ और भूस्खलन में पिछले तीन दिनों में ही मरने वालों की संख्या 85 तक पहुंच गई है। । बिहार में कई इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई है। राज्य में दो नदियों का तटबंध क्षतिग्रस्त होने से चार जिलों दरभंगा, पश्चिमी चंपारण, नालंदा और शेखपुरा के हजारों लोग प्रभावित हो गए हैं। ओडिशा में महानदी और उसकी सहायक नदियों में आई बाढ़ के एक हफ्ते बाद 62 गांवों में 71 हजार से अधिक लोग फंसे हैं जबकि 47 लोगों की मौत हो गई। मेघालय में भी नार्थ ईस्टर्न स्पेस एप्लीकेशन सेंटर ने राज्य के गारो हिल्स जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार भारी बारिश जारी रहने के बाद बाढ़ की चेतावनी जारी की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण हुई मौतों पर दुख जाहिर किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जाहिर की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा की हालिया बाढ़ में लोगों की मौत पर दुख प्रकट करते हुए मृतकों के निकट संबंधियों के लिए दो-दो लाख रूपये की सहायता राशि की घोषणा की है। प्रधानमंत्री ने बाढ़ में गंभीर रूप से घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रूपये का मुआवजे की घोषणा भी की है। भारत ने नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन पीडि़तों के लिए भी 4.8 करोड़ नेपाली रुपयों की राहत राशि की घोषणा की है।